नारायणगंज: “जल ही जीवन है” का नारा सबने सुना है, लेकिन ग्राम पंचायत पटेहरा के ग्राम टिकरिया में इसकी हकीकत उलटी दिख रही है। ग्राम के वेयरहाउस लाइन से जुड़ी पानी की पाइपलाइन में लंबे समय से लीकेज हो रही है, जिससे प्रतिदिन कई लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। गर्मी के दिनों में जहां लोग बूंद-बूंद पानी को तरसते रहे, वहीं अब बरसात में पानी की किल्लत खत्म होते ही मरम्मत कार्य की अनदेखी की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस रिसाव की शिकायत कई बार पंचायत तक पहुंचाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यह समस्या केवल टिकरिया तक सीमित नहीं है, बल्कि पंचायत के अन्य ग्रामों में भी पाइपलाइन लीकेज की स्थिति बनी हुई है।स्थानीय जनप्रतिनिधि और पंचायत स्टाफ इस समस्या से भली-भांति परिचित हैं, फिर भी मरम्मत कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। ग्रामीणों का मानना है कि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत करा दी जाए तो न केवल पानी की बर्बादी रोकी जा सकती है, बल्कि जरूरतमंदों को इसका सही उपयोग भी मिल सकेगा
