सतना : मैहर में पौने 5 लाख रु का गांजा और नशीली दवा की खेप पकड़े जाने की जांच अभी चल ही रही थी कि अगले ही दिन इसी तरह का एक और मामला सामने आ गया. घर में नशे की खेप को छिपाकर रखने के बाद उसकी सप्लाई करने के आरोप में दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस की छापेमार कार्रवाई में 69 हजार रु का गांजा और नशे में इस्तेमाल होने वाली कफ सीरप की खेप बरामद की गई है.
मैहर जिले के रामनगर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को इस बात की सूचना मिली थी कि अमिलिया गांव के निवासी शंभू पटेल उम्र 34 वर्ष के घर में गांजा और नशीली कफ सीरप की खेप पहुंची हुई है. इतना ही नहीं बल्कि घर में नशे की खेप को छिपाकर रखने के साथ ही शंभू की पत्नी श्रीमती तुलसा पटेल उम्र 30 वर्ष द्वारा उसकी ब्रिकी भी की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरु की. घर के अंदर पहुंचकर तलाशी लिए जाने पर पुलिस टीम को एक काले रंग की बोरी रखी नजर आई. जिसे खोलकर देखने पर उसमें गांजा और नशीली कफ सीरप रखी मिली. बोरी ममें कुल 4 किलो 370 ग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था.
जिसकी कीमत 45 हजार रु आंकी गई. इसके साथ ही बोरी में नशीली कफ सीरप की 120 शशियां मिली. जिसका बाजार मूल्य 24 हजार 120 रु बताया गया. पुलिस द्वारा नशे की खेप को जब्त करने के साथ ही मौके से श्रीमती तुलसा पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया. कार्रवाई पूरी कर लौट रही पुलिस टीम को घर के निकट ही शंभू भी नजर आ गया. हलांकि पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया. लेकिन कुछ देर में ही पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया. दंपत्ति के विरुद्ध धारा 8,20 बी, 21 22 एनडीपीएस एक्ट और 5/13 ड्रग कंट्रोल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई.
सोर्स की अनदेखी
पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत द्वारा नशे के विरुद्ध ऑपरेशन प्रहार अभियान छेड़ा गया है. आईजी द्वारा मातहत अमले को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विंध्य में नशे के काले कारोबार को समाप्त करने के लिए आवश्यक है कि पुलिस सोर्स तक भी पहुंचे. लेकिन पुलिस द्वारा अब तक नशे के विरुद्ध जितनी भी कार्रवाई की गई है वह नशीले पदार्थों की जब्ती और आरोपियों की गिरफ्तारी से आगे बढ़ती नजर नहीं आ रही है. जिसके चलते लगातार हो रही कार्रवाई के बावजूद भी नशे का नेटवर्क ध्वस्त होता दिखाई नहीं दे रहा है.
