इंदौर: मध्य प्रदेश नारकोटिक्स विंग के एडीजी श्रीनिवास वर्मा के निर्देशन में 1 जुलाई से प्रदेशभर में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा, अभियान के पहले चरण में फरार और इनामी तस्करों की धरपकड़ की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में ‘नशे से दूरी है जरूरी’ जनजागरुकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा.
नारकोटिक्स विंग इंदौर के डीएसपी संतोष सिंह हाड़ा ने बताया कि 1 से 14 जुलाई तक प्रदेश के सभी जिलों में फरार तस्करों और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. लंबे समय से फरार तस्करों की सूची तैयार कर ली गई है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जाएगी. इंदौर जिले के करीब 20 इनामी तस्कर भी पुलिस की रडार पर हैं.
डीएसपी ने यह भी बताया कि 15 से 30 जुलाई तक’ नशे से दूरी है जरुरी’ अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत रैली, नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा स्कूल-कॉलेजों में विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे. नारकोटिक्स विंग के अधिकारी विद्यार्थियों और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे.
