
गुना। फतेहगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम रामनगर में ससुराल पक्ष की प्रताड़ना और पारिवारिक कलह से तंग आकर एक 28 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार, करीब 8 दिन पहले वल्लभ मीणा के ससुर अपनी बेटी और वल्लभ की पत्नी को लेने आए थे। इसी दौरान उन्होंने फतेहगढ़ थाने में वल्लभ के खिलाफ एक रिपोर्ट दर्ज करा दी थी, जिसके बाद से ही दोनों परिवारों के बीच विवाद गहरा गया।
पत्नी के मायके जाने के बाद वल्लभ अपने 5 वर्षीय मासूम बच्चे को अपने पास वापस लाना चाहता था, लेकिन पत्नी इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी मानसिक तनाव और विवाद के चलते बीते 3 जुलाई की शाम करीब 4 बजे वल्लभ ने सल्फास की गोलियां खा लीं। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ रात 8 बजे उसकी मौत हो गई।
आत्मघाती कदम उठाने से पहले वल्लभ ने एक वीडियो बनाया और अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक बेहद भावुक सुसाइड नोट भी पोस्ट किया। वल्लभ ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना था कि उसकी पत्नी के भाई, भाभी और सास उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। उन्हीं के बहकावे में आकर उसकी पत्नी ने फतेहगढ़ थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। वल्लभ सिर्फ अपने बेटे को वापस मांग रहा था, लेकिन ससुराल वालों के दबाव के कारण पत्नी वापस आने को राजी नहीं थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शनिवार को गुना जिला अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस सुसाइड नोट और वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
