भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज हैदराबाद में दक्षिण भारत के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ व्यापक संवाद करेंगे। ‘इन्वेस्टमेंट अपॉर्चुनिटीज इन मध्यप्रदेश’ शीर्षक वाले इस विशेष सत्र में वे प्रदेश में औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे।
यह रोड-शो ग्रीन एनर्जी, आईटी, आईटीईएस, ईएसडीएम, बायोटेक, मैन्युफैक्चरिंग और एमएसएमई जैसे महत्वपूर्ण सेक्टरों के निवेशकों को मध्यप्रदेश के बढ़ते औद्योगिक माहौल से रू-ब-रू कराने का बड़ा मंच साबित होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव हैदराबाद में ग्रीनको मुख्यालय का भ्रमण करेंगे और समूह के शीर्ष नेतृत्व से ऊर्जा क्षेत्र में संभावित सहयोग व बड़े पैमाने पर निवेश को लेकर चर्चा करेंगे। इसके बाद द लीला होटल में आयोजित मुख्य सत्र में वे उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकों में प्रदेश में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, निवेश विस्तार तथा प्रोत्साहन नीतियों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
सत्र के दौरान बायोटेक सेक्टर पर केंद्रित एक विशेष राउंड-टेबल मीटिंग भी होगी, जिसमें नवाचार आधारित उद्योगों तथा अनुसंधान-प्रधान परियोजनाओं के लिए मध्यप्रदेश में उपलब्ध अनुकूल वातावरण पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
पूरा दिन उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न उद्योग समूह अपने निवेश प्रस्तावों और भविष्य की योजनाओं को साझा करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की यह पहल प्रदेश में बड़े औद्योगिक निवेश को गति देने और दीर्घकालिक साझेदारियों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
यह कार्यक्रम उद्योग जगत को मध्यप्रदेश को एक विश्वसनीय और उभरते हुए निवेश गंतव्य के रूप में समझने का अवसर प्रदान करेगा।
