देश के लिए सबसे ज्यादा कुर्बानियां देने वाले पंजाबियों को भाजपा बता रही है देशविरोधी: मान

बठिंडा, 08 मई (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को कहा कि देश के लिए सबसे अधिक बलिदान देने वाले पंजाबियों को आज भाजपा देशविरोधी बताने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इस सोच को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

‘शुकराना यात्रा’ के दौरान विपक्षी नेताओं पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सुनील जाखड़ जैसे नेताओं को आत्ममंथन करना चाहिए, क्योंकि वह एक साधारण परिवार के पुत्र को ईमानदारी से पंजाब की सेवा करते नहीं देख पा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दोनों दलों ने दशकों तक पंजाब की दौलत लूटी और आम लोगों की भलाई की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल अब फिर से पंजाब को लूटने का मौका मांग रहे हैं, लेकिन जनता अब उन्हें सत्ता में नहीं बल्कि जेल भेजेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह एक श्रद्धालु सिख के तौर पर तख्त श्री केशगढ़ साहिब में माथा टेककर ‘शुकराना यात्रा’ पर निकले हैं। उन्होंने कहा कि ‘जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम 2026’ लागू कराना उनके लिए गुरु साहिब की सेवा का अवसर है। श्री मान ने कहा कि यह ऐतिहासिक कानून बेअदबी की घटनाओं को रोकने में मदद करेगा और दोषियों को सख्त सजा देगा। उन्होंने कहा कि अब बेअदबी मामलों में मानसिक बीमारी का बहाना नहीं चलेगा और दोषियों के संरक्षण देने वालों को भी उम्रकैद तथा 50 लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब हर सिख के लिए पिता समान हैं और उनकी मर्यादा बनाये रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि दुनिया भर से लोग इस कानून पर खुशी जता रहे हैं।

अकाली दल पर हमला बोलते हुए श्री मान ने कहा कि उन्होंने बाबा नानक के नाम पर वोट मांगे, लेकिन उनकी बाणी का अपमान होने दिया। उन्होंने कहा कि अकाली नेताओं ने सत्ता में रहते हुए कभी ईमानदारी से ऐसा कानून बनाने की कोशिश नहीं की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार करदाताओं के पैसे का सही इस्तेमाल कर रही है और अब पैसा भ्रष्टाचार और कमीशन की बजाय स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और जनकल्याण योजनाओं पर खर्च हो रहा है। सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और 65 हजार से ज्यादा युवाओं को बिना भ्रष्टाचार सरकारी नौकरियां दी गयी हैं। उन्होंने कहा कि सिंचाई के लिए नहरों के पानी का उपयोग 21 प्रतिशत से बढ़कर 68 प्रतिशत हो गया है और धान सीजन तक इसे 85 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। सरकार ने किसानों तक पानी पहुंचाने के लिए 14 हजार किलोमीटर पाइपलाइन और जलमार्ग बनाये हैं।

मुख्यमंत्री ने ‘मावां धीआं सत्कार योजना’ का भी जिक्र किया, जिसके तहत महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1500 रुपये देने की योजना है। उन्होंने कहा कि इस योजना से 97 प्रतिशत महिलाएं लाभान्वित होंगी। इसके अलावा उन्होंने ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब के 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है और लाखों लोगों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किये जा चुके हैं।

 

 

Next Post

नजमुल हुसैन शांतो के शतक से बंगलादेश मजबूत

Fri May 8 , 2026
मीरपुर, 08 मई (वार्ता) बांग्लादेश ने टेस्ट क्रिकेट में शानदार वापसी की, और मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट के शुरुआती दिन 4 विकेट पर 301 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो के शानदार शतक और मोमिनुल हक के साथ उनकी […]

You May Like