नई दिल्ली, 28 मई (वार्ता) गुरुवार को मलेशिया के कुआलालंपुर स्थित एएफसी हाउस में हुए ड्रॉ के बाद, भारतीय अंडर 20 पुरुष टीम को एएफसी अंडर 20 एशियन कप चीन 2027 क्वालिफ़ायर के ग्रुप बी में उज़्बेकिस्तान, सीरिया और बांग्लादेश के साथ रखा गया है। उज़्बेकिस्तान 25 अगस्त से 6 सितंबर, 2026 के बीच अपनी राजधानी ताशकंद में एक सेंट्रलाइज़्ड सिंगल राउंड-रॉबिन फ़ॉर्मेट में ग्रुप बी की मेजबानी करेगा। इस साल की शुरुआत में घोषित एएफसी युवा प्रतियोगिताओं के नए फ़ॉर्मेट के अनुसार, एएफसी अंडर 20 एशियन कप क्वालिफ़ायर में एक दो-चरण वाली प्रणाली शुरू की गई है, जिसमें प्रमोशन और रेलिगेशन (पद-उन्नति और पदावनति) का तंत्र शामिल है।
क्वालिफ़िकेशन चरण में, जिसका भारत भी हिस्सा है, 32 टीमों को चार-चार टीमों के आठ ग्रुप में बांटा गया है; इन ग्रुप के विजेता और सभी ग्रुप में से सात सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमें एएफसी अंडर 20 एशियन कप के 43वें संस्करण के लिए आगे बढ़ेंगी। वहीं, सभी ग्रुप में से सबसे कम रैंकिंग वाली छह चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को अगले संस्करण के डेवलपमेंट चरण में भेज दिया जाएगा।
क्वालिफ़ायर के डेवलपमेंट चरण के लिए, 12 टीमों को चार-चार टीमों के तीन ग्रुप में बांटा गया है; इन तीन ग्रुप के विजेता और प्रत्येक ग्रुप की तीन दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को अगले संस्करण के क्वालिफ़िकेशन चरण में प्रमोट कर दिया जाएगा।

