
भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल में सोमवार को नव नियुक्त 20 परिवहन उप निरीक्षक प्रशिक्षुओं के लिए 90 दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन परिवहन आयुक्त उमेश जोगा और अकादमी के उपनिदेशक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित समारोह में किया गया।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को पेशेवर दक्षता प्रदान करना है। प्रशिक्षण के दौरान इनडोर और आउटडोर सत्रों के माध्यम से कक्षागत व्याख्यान, व्यावहारिक फील्ड अभ्यास, फायरिंग प्रशिक्षण तथा कंप्यूटर आधारित तकनीकी कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इससे अधिकारियों को आधुनिक पुलिसिंग और परिवहन प्रबंधन से संबंधित आवश्यक कौशल प्राप्त होंगे।
प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने परिवहन कानूनों की गहन समझ और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को तकनीकी रूप से अद्यतन रहने, कार्य में व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने और आम जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने की सलाह दी।
अकादमी के उपनिदेशक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अकादमी की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में उप पुलिस अधीक्षक तिलक राज प्रधान ने आभार व्यक्त किया।
