नयी दिल्ली, 26 जून (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल का औसत भाव गिर गया। चावल के साथ दालों में भी मंदी देखी गयी। वहीं, गेहूं और चीनी में तेजी रही। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 57 रुपये गिरकर 3,843 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं चार रुपये महंगा हुआ और 2,806 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत 15 रुपये बढ़ गयी। दाल-दलहनों में नरमी रही। चना दाल की औसत कीमत 64 रुपये प्रति क्विंटल घट गयी। मूंग दाल में 37 रुपये और उड़द दाल में 33 रुपये की गिरावट रही। तुअर दाल 32 रुपये और मसूर दाल 25 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का सितंबर वायदा नौ रिंगिट चढ़कर 4,566 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.86 प्रतिशत टूटकर 66.61 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया। स्थानीय बाजार में पाम ऑयल की औसत कीमत 97 रुपये और मूंगफली तेल की 63 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सोया तेल 60 रुपये और सूरजमुखी तेल 52 रुपये महंगा हुआ। वनस्पति 77 रुपये और सरसों तेल छह रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव दो रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। चीनी भी 13 रुपये महंगी हुई।

