मुहर्रम पर हाई अलर्ट पुलिस का सुरक्षा चक्र, शहर बना अभेद किला

इंदौर: मुहर्रम पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पूरे शहर को सुरक्षा घेरे में ले लिया है. संवेदनशील इलाकों, ताजिया मार्गों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस का कड़ा पहरा है. इससे एक दिन पहले क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर 24 संदिग्धों की घेराबंदी की. जांच में 10 आरोपी गांजा व अन्य मादक पदार्थों के साथ पकड़े गए, जबकि कई बदमाश धारदार हथियार लेकर घूमते मिले. पुलिस की इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है.

त्यौहार के चलते क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान 24 संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई, जिनमें से 10 आरोपी गांजा और अन्य मादक पदार्थों के साथ पकड़े. वहीं कई बदमाशों के कब्जे से अवैध धारदार चाकू भी बरामद किए गए. सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई.

पुलिस को आशंका थी कि कुछ असामाजिक तत्व त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर सकते हैं. इसके चलते संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और सुनसान मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. इस दौरान नशीले पदार्थों के साथ पकड़े गए आरोपियों को एमजी रोड और सराफा थाना पुलिस के सुपुर्द किया. डीसीपी क्राईम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मुहर्रम के अवसर पर जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल, मोबाइल पेट्रोलिंग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है. अफवाह फैलाने, हुड़दंग करने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

सीहोर का हाल: हाथठेलों और अवैध पार्किंग से थम रही शहर की रफ्तार, जनता परेशान

Fri Jun 26 , 2026
सीहोर। शहर में बढ़ते अतिक्रमण ने आमजन का जीना मुश्किल कर दिया है. नगर पालिका द्वारा दो दिन पूर्व अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने की तैयारी की गई थी, लेकिन विरोध के चलते अभियान शुरू होने से पहले ही ठंडे बस्ते में चला गया. नतीजतन शहर की प्रमुख सड़कें, बाजार और […]

You May Like