कोलकाता, 13 दिसंबर (वार्ता) 2022 फीफा विश्व कप विजेता अर्जेंटीना की टीम का हिस्सा रहे लियोनेल मेसी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के प्रवेश द्वार पर दुनिया की सबसे ऊंची 70 फीट की लोहे की अपनी फुटबॉलर प्रतिमा का अनावरण किया। अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक निजी जेट से सुबह-सुबह पहुंचने के कुछ घंटों बाद उन्होंने हयात होटल से रिमोट कंट्रोल के जरिए वीआईपी रोड पर स्थित अपनी प्रतिमा का वर्चुअली अनावरण किया। इस दौरान कई इंटर मियामी खिलाड़ी और हिंदी फिल्म सुपरस्टार शाहरुख खान मौजूद थे।
यह प्रतिमा, 2022 फीफा विश्व कप पकड़े हुए मेसी की एक तस्वीर की प्रतिकृति है, जिसे कारीगर मिंटू पाल ने 40 दिनों में पूरा किया था और इसे लेक टाउन के चौराहे पर बिग बेन क्लॉक टॉवर के पास स्थापित किया गया था। पश्चिम बंगाल के अग्निशमन विभाग के मंत्री सुजीत बोस ने दावा किया कि यह खड़ी प्रतिमा दुनिया में किसी भी फुटबॉलर की सबसे ऊंची प्रतिमा है।

