इंदौर: चंदन नगर क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों को करीब रात तीन बजे घटना की जानकारी लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया.पुलिस के अनुसार मृतक का नाम दिनेश (30) पिता मोतीलाल, निवासी तापती परिसर बताया गया है.
वह अकेला रहता था और रोजाना नारियल पानी व फल बेचकर गुजर-बसर करता था. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दिनेश और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था. पत्नी बीते करीब दो साल से मायके में रह रही थी. गुरुवार को भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी. बताया जा रहा है कि दिनेश के अन्य परिजन आसपास ही रहते हैं, जबकि उसके दो छोटे बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) मूसाखेड़ी में नाना-नानी के साथ रह रहे हैं.
नाराज होकर बच्चों के साथ मायके में रह रही है पत्नी
परिवार का कहना है कि दिनेश की पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध थे, इसी कारण वह घर छोड़कर चली गई थी. परिजनों ने आरोप लगाया कि वह दिनेश को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती रहती थी. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इन दावों की पुष्टि नहीं की है. मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम के दौरान ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य अस्पताल नहीं पहुंचा, जिसे लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असल वजह स्पष्ट हो सके.
