माही मुख्य बांध से 11 नवंबर को खुलेगा नहर का गेट, 110 गांवों को मिलेगा सिंचाई के लिए पानी

झाबुआ. पेटलावद तहसील के किसानों को 11 नवंबर से माही सागर बांध से सिंचाई के लिए पानी मिलना शुरू हो जाएगा। माही परियोजना के अंतर्गत रबी सीजन की सिंचाई के लिए 11 नवंबर को सुबह माही मुख्य बांध से नहर का गेट खोला जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होने लगेगा। इस वर्ष रबी सिंचाई के लिए कुल 22,670 हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे करीब 110 गांवों को लाभ मिलेगा।

एसडीओ धीरज जामोद ने बताया कि माही मुख्य बांध की कुल उपयोगी जल संग्रहण क्षमता 135.60 मिलियन घन मीटर है, जिसमें से सिंचाई एवं पेयजल के लिए पानी आरक्षित रखा गया है। वर्तमान में बांध का जलस्तर 447.75 मीटर है, जबकि अधिकतम जलस्तर 451.50 मीटर है। बांध में वर्तमान जीवित जल संग्रहण 70.22 मिलियन घन मीटर है, जो कुल क्षमता का 51.79 प्रतिशत है।

उन्होंने बताया की उपलब्ध जल संग्रहण और किसानों की मांग को देखते हुए आयोजित बैठक में अधिकतम दो बार सिंचाई के लिए पानी देने का निर्णय लिया गया है। निर्धारित चक्र के अनुसार किसानों को पहला पानी उपलब्ध जल संग्रहण की स्थिति के अनुसार दिया जाएगा।

जामोद ने किसानों से अपील की है कि इस वर्ष बांध में पानी की उपलब्धता सीमित होने के कारण कम पानी में तैयार होने वाली फसलों, जैसे चना आदि की बुवाई को प्राथमिकता दें। इससे उपलब्ध जल का बेहतर उपयोग होगा और अधिक से अधिक किसानों को सिंचाई का लाभ मिल सकेगा।

नहर में पानी छोड़े जाने को देखते हुए नहर से लगे गांवों के ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। नहर में पानी का बहाव तेज हो सकता है, इसलिए बच्चों को नहर के आसपास न जाने दें। ग्रामीण नहर में उतरने, नहाने या तेज बहाव वाले पानी में प्रवेश करने से बचें। पशुओं को भी नहर के पास खुला न छोड़ें।

नहर के किनारों पर अनावश्यक आवाजाही न करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। प्रशासन एवं माही परियोजना की ओर से किसानों से अपील की गई है की उपलब्ध जल का उपयोग निर्धारित मात्रा एवं आवश्यकता के अनुसार ही करें और पानी की बर्बादी से बचें।

Next Post

चूई की पहाड़ी से लुढ़काया पाड़ा, बड़वा ने बताई आने वाले साल की भविष्यवाणी

Tue Nov 10 , 2026
झाबुआ. आदिवासी बाहुल्य झाबुआ जिले की रानापुर तहसील के ग्राम चूई में दीपावली के बाद सदियों पुरानी परंपरा निभाई जाती है। यहां आदिवासी समाज बाबा देव की पहाड़ी से पाड़े को नीचे लुढ़काकर उसके गिरने, रुकने, दिशा और अन्य संकेतों के आधार पर आने वाले वर्ष में बारिश और फसल […]

You May Like