सरकारी काम में बाधा बर्दाश्त नहीं होगी : प्रवेश वर्मा

नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने विकासपुरी में रविवार को हुई झड़प की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकारी काम में बाधा डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

श्री वर्मा ने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक कई बार फोन किए जाने के बाद मंत्री को कुछ देर इंतजार कराने के बाद अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि काम की गुणवत्ता से जुड़े सवालों के जवाब देने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद आप विधायक और उनके समर्थकों ने हंगामा करने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि विपक्षी विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दे पर पहली बार कोई मंत्री स्वयं मौके पर जाकर चल रहे कार्य का निरीक्षण करने पहुंचा था।

श्री वर्मा ने आरोप लगाया कि घटना में शामिल आप कार्यकर्ता के खिलाफ कुछ महीने पहले एक संविदा एमसीडी कर्मचारी के साथ मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्राथमिकी में विधायक के एक रिश्तेदार का नाम भी दर्ज है।

उन्होंने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालना और काम में रुकावट पैदा करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

श्री वर्मा ने पंजाब में कथित तौर पर युवतियों के साथ मारपीट की घटनाओं को लेकर भी श्री केजरीवाल पर सवाल उठाए और पूछा कि वह पंजाब के प्रभावित क्षेत्रों में जाकर इस मुद्दे पर क्यों नहीं बोलते।

मंत्री ने आप विधायक और उनके स्थानीय समर्थकों पर निर्माण कार्य के लिए नगर निकाय के इंजीनियर से कथित तौर पर पैसे मांगने का भी आरोप लगाया।

इस बीच, रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मंत्री के पास आगे बढ़ते दिख रहे एक व्यक्ति को कथित तौर पर थप्पड़ मारते हुए श्री वर्मा नजर आए।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने भी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि श्री वर्मा के विकासपुरी दौरे के अंतिम चरण में हुई यह घटना नहीं होनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आप विधायक जरनैल सिंह द्वारा भीड़ के साथ मौके पर पहुंचने और हंगामा करने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।

Next Post

शहर में सीमेंट कांक्रीट की सड़कों की खुदाई बदस्तूर जारी

Tue Sep 29 , 2026
इंदौर: शहर में बनी बनाई सीमेंट कांक्रीट की सड़कों को खोदने का सिलसिला बदस्तूर जारी है. स्थिति यह है कि शहर की प्रमुख सड़कों पर आए दिन पानी और ड्रेनेज लाइन लीकेज या सुधार के नाम पर लगातार सीमेंट कांक्रीट की सड़कों पर गड्ढे किया जा रहे हैं.नगर निगम द्वारा […]

You May Like