पाकिस्तानी बल्लेबाज हैदर अली पर इंग्लैंड में दर्ज हुआ आपराधिक मामला

मैनचेस्टर, 08 अगस्त (वार्ता) पाकिस्तानी बल्लेबाज हैदर अली पर ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस (जीएमपी) ने आपराधिक जांच शुरू कर दी है और जांच के नतीजे आने तक पीसीबी ने उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। हालांकि अपराध की प्रकृति के बारे में कोई विवरण जारी नहीं किया गया है। ईएसपीएनक्रिकइंफो को मिली जानकारी के मुताबिक हैदर को फिलहाल हिरासत में नहीं लिया गया है लेकिन जीएमपी उनसे पूछताछ कर रही है।

पीसीबी ने एक बयान जारी कर कहा है कि उन्हें जांच के बारे में ‘जानकारी’ दी गई है, और यह घटना पाकिस्तान शाहीन के हालिया यूनाइटेड किंगडम दौरे के दौरान हुई थी, जो सोमवार को समाप्त हुआ था। पीसीबी ने पुष्टि की है कि वह हैदर को ”इस पूरी प्रक्रिया के दौरान उसके अधिकारों की रक्षा के लिए” कानूनी सहायता प्रदान कर रहा है।

पीसीबी के बयान में कहा गया है, ”पीसीबी को ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस द्वारा क्रिकेटर हैदर अली से जुड़ी एक आपराधिक जांच के बारे में अवगत कराया गया है। यह जांच पाकिस्तान शाहीन के हालिया इंग्लैंड दौरे के दौरान हुई एक घटना से संबंधित है।”

”पीसीबी, यूनाइटेड किंगडम की कानूनी प्रक्रियाओं का पूरा सम्मान करता है और जांच को अपनी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चलने देने के महत्व को समझता है। पीसीबी ने हैदर अली को तत्काल प्रभाव से, चल रही जांच के परिणाम आने तक, अस्थायी निलंबन के तहत रखने का निर्णय लिया है। कानूनी कार्रवाई पूरी होने और सभी तथ्य विधिवत स्थापित होने के बाद, पीसीबी अपनी आचार संहिता के तहत, अगर आवश्यक हुआ तो उचित कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।”

हैदर ने पाकिस्तान के लिए दो वनडे और 35 टी 20 खेला है, और वह फिलहाल इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान शाहीन के अनुभवी खिलाड़ी में से एक थे। उन्होंने इस दौरे पर सभी 50 ओवर वाले मैच खेले थे, साथ ही दो तीन दिवसीय मैच में भी वह प्लेइंग-XI में शामिल थे।

 

 

 

Next Post

आयात शुल्क के झटके से 0.3 प्रतिशत गिर सकती है भारत की विकास दर: मूडीज

Fri Aug 8 , 2025
चेन्नई, 08 अगस्त (वार्ता) अमेरिका द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त आयात शुल्क तथा रूस से तेल आयात करने के कारण जुर्माने के रूप में 25 प्रतिशत और शुल्क लगाने के बाद मूडीज रेटिंग्स ने शुक्रवार को कहा कि इससे देश की विकास दर में 0.3 प्रतिशत की गिरावट आ […]

You May Like