वाणिज्यिक निर्यात जुलाई में 7.29 प्रतिशत बढ़ा, व्यापार घाटा बढ़कर 27.35 अरब डॉलर पर

नयी दिल्ली, 14 अगस्त (वार्ता) वैश्विक चुनौतियों के बीच जुलाई में देश का वाणिज्यिक निर्यात सालाना आधार पर 7.29 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 37.24 अरब डॉलर पर पहुँच गया जबकि व्यापार घाटा एक माह पहले के 18.78 अरब डॉलर से उछलकर 27.35 अरब डॉलर हो गया।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी जुलाई के निर्यात-आयात के आँकड़ों के अनुसार, आलोच्य माह में वाणिज्यिक आयात 64.59 अरब डॉलर दर्ज किया गया। पिछले साल जुलाई में आयात 59.48 अरब डॉलर था।

इस दौरान सेवाओं को मिलाकर कुल निर्यात 68.27अरब डॉलर और आयात 79.99 अरब डॉलर रहा। इस तरह व्यापार संतुलन 11.72 अरब डॉलर प्रतिकूल रहा।

आँकड़ों के अनुसार, जुलाई में गैर-पेट्रोलियम निर्यात 32.9 अरब डॉलर और गैर-पेट्रोलियम आयात 49.01 अरब डॉलर रहा।

पेट्रोलियम और रत्नाभूषण के निर्यात को निकाल दें तो जुलाई में कुल वाणिज्यिक निर्यात 30.51 अरब डॉलर और आयात 42.79 अरब डॉलर का रहा जो निर्यात क्षेत्र के मजबूत प्रदर्शन को दर्शाता है।

चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों में देश का कुल निर्यात (वस्तु और सेवाओं को मिलाकर) 277.63 अरब डॉलर रहा जो सालाना आधार पर 5.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

अप्रैल-जुलाई की अवधि में वाणिज्यिक वस्तुओं का निर्यात 3.07 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 149.20 अरब डॉलर रहा।

देश के निर्यात की गाड़ी खींचने वाले पाँच प्रमुख क्षेत्रों में इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, रत्नाभूषण, दवा और रसायन क्षेत्र शामिल हैं। जुलाई में इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात सालाना आधार पर 13.75 प्रतिशत वृद्धि के साथ 9.17 अरब डॉलर हो गया जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों का निर्यात 33.89 प्रतिशत की उछाल के साथ 2.81 अरब डॉलर के स्तर पर पहुँच गया।

इस दौरान, रत्नाभूषण क्षेत्र की निर्यात वृद्धि 28.95 प्रतिशत के साथ 1.85 अरब डॉलर, औषधियों का निर्यात 14 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2.33 अरब डॉलर और कार्बनिक तथा अकार्बनिक रसायनों का निर्यात 7.19 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2.47 अरब डॉलर रहा।

अप्रैल-जुलाई के दौरान जिन देशों को निर्यात में सबसे ज्यादा वृद्धि हुई उनमें अमेरिका (21.64 प्रतिशत), चीन (19.97 प्रतिशत), संयुक्त अरब अमीरात (4.62 प्रतिशत), केन्या (64.05 प्रतिशत) और जर्मनी (14.37 प्रतिशत) शामिल हैं।

Next Post

इस सीज़न की सबसे बड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स सेल - रिलायंस डिजिटल की 'डिजिटल इंडिया सेल' आ गई है वापस

Thu Aug 14 , 2025
17 अगस्त, 2025 तक रिलायंस डिजिटल में इलेक्ट्रॉनिक्स की खरीदारी पर 25% तक सेविंग्स* और उससे भी ज्यादा सेविंग्स का फायदा उठाएं मुंबई. 15 अगस्त 2025: भारत का सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेलर, रिलायंस डिजिटल, अपनी लंबे समय से इंतज़ार की जा रही ‘डिजिटल इंडिया सेल’ के साथ वापस आ गया […]

You May Like