ईरान में आयतुल्ला अली खामेनेई की नमाज-ए-जनाजा अदा, लाखों लोगों ने दी अंतिम विदाई

ईरान में आयतुल्ला अली खामेनेई की नमाज-ए-जनाजा अदा, लाखों लोगों ने दी अंतिम विदाई

तेहरान, 05 जुलाई (वार्ता) ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई की नमाज-ए-जनाजा रविवार को राजधानी तेहरान स्थित इमाम खुमैनी मुसल्ला मस्जिद में अदा की गयी। इस दौरान लाखों लोग उनके जनाजे में शामिल हुए। जनाजे में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही मस्जिद परिसर पहुंचने लगे थे। अनेक लोग ईरानी राष्ट्रीय ध्वज लेकर समारोह में शामिल हुए। नमाज-ए-जनाजा का नेतृत्व आयतुल्ला जाफर सुबहानी ने किया। समारोह में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, वरिष्ठ सैन्य एवं राजनीतिक अधिकारी तथा प्रमुख धार्मिक नेता भी मौजूद रहे। आयतुल्ला खामेनेई की 28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका-इजरायल के हमलों में मृत्यु हो गयी थी, जिसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई की थी।

उनके अंतिम संस्कार से जुड़े आधिकारिक कार्यक्रम शुक्रवार से शुरू हो गये थे। इस दौरान क्षेत्रीय और अन्य देशों के नेताओं तथा आधिकारिक प्रतिनिधिमंडलों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को तेहरान में मुख्य अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद सात जुलाई को अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम क़ुम में आयोजित होंगे। आठ जुलाई को इराक के बगदाद, नजफ और कर्बला में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, जहां धार्मिक और राजनीतिक नेता पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद उसे प्रमुख शिया धार्मिक स्थलों पर ले जाया जायेगा। आयतुल्ला खामेनेई के सुपुर्द-ए-खाक का कार्यक्रम नौ जुलाई को उत्तर-पूर्वी शहर मशहद स्थित इमाम अली रज़ा दरगाह में होगा, जिसे शिया समुदाय के सबसे पवित्र स्थलों में से एक माना जाता है।

Next Post

भीषण गर्मी के बीच पुर्तगाल में जंगलों की आग विकराल, यूरोपीय देशों ने भेजी मदद

Sun Jul 5 , 2026
लिस्बन, 05 जुलाई (वार्ता) पुर्तगाल के जंगलों में लगी आग भीषण गर्मी की वजह से तेजी से फैल रही है और सबसे अधिक प्रभावित वौजेला क्षेत्र में आग पर काबू पाने के लिए यूरोपीय देशों से अंतरराष्ट्रीय सहायता पहुंचनी शुरू हो गयी है। पुर्तगाल द्वारा शुक्रवार को यूरोपीय नागरिक सुरक्षा […]

You May Like