पुलिस के हिरासत से फरार हुआ आरोपी पटवारी, एएसआई व आरक्षक निलंबित

सिंगरौली । शासकीय भूमि के धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार निलंबित पटवारी राजेश नामदेव पुलिस को झांसा देकर जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न से शुक्रवार की अल सुबह भाग गया। जिसकी तलाश जारी है। वहीं इस मामले में पुलिस अधीक्षक सिंगरौली सियाज केएम ने एएसआई और आरक्षक को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार मोरवा थाना क्षेत्र के कतरिहार गांव की शासकीय भूमि आराजी खसरा नम्बर 356 में हेराफेरी एवं कूटरचना कर खसरा नम्बर 356/4 रकवा 4.470 हे. गोन्ही बेवा बैजनाथ भूर्तिया निवासी कतरिहार के नाम फर्जी तौर पर भूमि स्वामी दर्ज कर दिया गया। जांच उपरांत आरोप सही पाए गये, जहां आरोपी राजेश नामदेव के विरूद्ध मोरवा थाना में भादवि की धारा 419, 420, 467, 468 एवं 471 के तहत अपराध वर्ष 2015 में पंजीबद्ध किया गया है। विवेचना के दौरान मामले में धारा 13(1) एवं 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम का इजाफा किया गया। सूत्र बताते हैं कि मामला पंजीबद्ध होने के बाद निचली न्यायालय की शरण में गया था, जहां उसे फौरी तौर पर राहत मिली थी। उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो गई। करीब दो महीने से मोरवा थाने में मामला गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी। चर्चा है कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी की पुलिस टीम ने बीते दिन गुरूवार को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि मोरवा पुलिस कल न्यायालय में पेश करने ले आई, किंतु किन्ही कारणों से आरोपी को न्यायालय में पेश नही किया जा सका।

अचानक बीमार होने का बनाया बहाना

चर्चा है कि मेडिकल परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय बैढ़न लाया गया और इसी दौरान आरोपी निलंबित पटवारी राजेश नामदेव बीमारी का बहाना बताया। रात भर जिला चिकित्सालय में भर्ती रहा और आज शुक्रवार की अल सुबह शौच के बहाने टाय्लेट गया और यहीं से पुलिस को चकमा देकर भाग खड़ा हुआ। गिरफ्तार पटवारी की ड्यूटी में तैनात एएसआई ने पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया, जिसकी तलाश शुरू कर दी गई, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नही लगा। कोतवाली एवं मोरवा पुलिस की अलग-अलग टीमे तलाश में लगी हुई हैं। वहीं फरार आरोपी के विरूद्ध कोतवाली बैढ़न में बीएनएस की धारा 262 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

एएसआई एवं आरक्षक सस्पेंड

जानकारी के अनुसार गिरफ्तार पटवारी को न्यायालय में पेश करने के लिए मोरवा थाने से एएसआई गुलाब प्रसाद बहरोलिया एवं आरक्षक श्यामबाबू सिंह की ड्यूटी लगाई थी, दोनों पुलिस कर्मी गुरूवार को जिला न्यायालय बैढ़न में पेश करने आरोपी को लाए थे, अस्पताल में इलाज के दौरान ड्यूटी भी कर रहे थे, किंतु शातिर बदमाश निलंबित पटवारी ने पुलिस कर्मियों को झांसा देकर फरार हो गया। इस लापरवाही के मामले में एसपी ने उक्त दोनों पुलिस कर्मियों को निलंबित करते हुये लाइन अटैच कर दिया। एसपी की इस कार्रवाई से लापरवाह पुलिस कर्मियों में हड़कप मचा हुआ है।

इनका कहना:-

एक आरोपी पुलिस न्यायालय में पेश करने लाई थी। आरोपी ने आज सुबह झांसा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है और इस मामले में एएसआई और आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

सियाज केएम

पुलिस अधीक्षक, सिंगरौली

Next Post

मोगली पलटन ने लिया हरित धरोहरों की रक्षा का संकल्प

Fri Aug 28 , 2026
सीधी।रक्षाबंधन के पावन पर्व के सुअवसर पर बाल टोली ‘मोगली पलटन’ द्वारा अपने अभियान ”त्योहार का त्योहार 3.0” के तहत पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति-मानव संबंधों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक गरिमापूर्ण एवं नवाचारी पहल करते हुए ‘सुरक्षा बंधन’ का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के अंतर्गत पलटन […]

You May Like

मनोरंजन