कुआलालंपुर, (मलेशिया), 05 जून (वार्ता) विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन के तत्वावधान में एक से पांच जून तक मलेशिया में आयोजित द्वितीय एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप में भारत ने महिला और पुरुष वर्गों में कांस्य पदक जीता है। फेडरेशन के जनसंपर्क अधिकारी एडवोकेट ललित शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि प्रतियोगिता का पुरुष वर्ग में कम्बोडिया ने स्वर्ण, रजत श्रीलंका ने जीता। वहीं महिला वर्ग में कम्बोडिया ने स्वर्ण, मलेशिया ने रजत पदक जीता। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में एशिया के विभिन्न देशों के करीब 200 पैरा खिलाड़ियों ने शिरकत की।
उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप में तृतीय एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप मार्च 2027 में भारत में राजस्थान में आयोजित करने की घोषणा की गई। इस प्रतियोगिता में एशिया के अधिकतम देशों के शामिल होने की उम्मीद है। भारत का प्रतिनिधिमंडल जयपुर की प्रख्यात समाजसेवी एवं विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की अध्यक्ष निर्मला रावत के नेतृत्व में प्रतियोगिता में शामिल हुआ। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में लक्ष्मण रावत, डॉ. सीमा शर्मा, एडवोकेट ललित शर्मा और डॉ. प्रदीप कुमावत शामिल थे। इस अवसर पर निर्मला रावत का सम्मान किया गया। निर्मला रावत ने कहा कि पैरा खेल दिव्यांग खिलाड़ियों को आत्मविश्वास, अनुशासन, समान अवसर एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

