चैन्नई, 16 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सऊदी अरब में हत्या के बाद 26 साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने आज जारी बयान में बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद दिलशाद के रूप में की गई है।
सीबीआई ने सऊदी अरब के अधिकारियों के अनुरोध पर अप्रैल 2022 में एक स्थानीय अभियोजन मामला दर्ज किया था।
मोहम्मद दिलशाद पर यह आरोप लगाया गया था कि उसने वर्ष 1999 के अक्टूबर महीने में उस परिसर में एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी जहां वह सऊदी अरब के रियाद में हैवी मोटर मैकेनिक सह सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहा था।
यह भी आरोप लगाया गया कि हत्या करने के बाद आरोपी दिलशाद भारत भाग गया था और तब से उसका कोई पता नहीं चला। मामला दर्ज होने के बाद सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर में आरोपी के पैतृक गांव का पता लगाया और मोहम्मद दिलशाद के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी किया। हालांकि एलओसी जारी होने के बावजूद वह पकड़ से बाहर रहा।
जांच के दौरान पाया गया कि मोहम्मद दिलशाद धोखे से हासिल की गई एक अलग पहचान के बल पर कतर, कुवैत और सऊदी अरब जैसे देशों की यात्रा करता था। विभिन्न तकनीकी सुरागों और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी मोहम्मद दिलशाद के नए पासपोर्ट का पता लगाया गया और उसके खिलाफ दूसरा एलओसी जारी किया गया।
उसे 11 अगस्त, 2025 को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तब गिरफ्तार किया गया था, जब वह एक अलग पासपोर्ट के आधार पर मदीना से सऊदी अरब के जेद्दा होते हुए नई दिल्ली आ रहा था। 52 वर्षीय मोहम्मद दिलशाद इस समय सऊदी अरब के मदीना में भारी वाहनों की एक कंपनी में बतौर एक मोटर मैकेनिक कार्यरत था।
सीबीआई के बयान के मुताबिक दिलशाद को 14 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और मामले की जांच की जा रही है।
