नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के पानीपत-जालंधर खंड पर स्थित घरौंडा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) टोलिंग प्रणाली लागू करना शुरू कर दिया है, जिससे वाहनों को बिना रुके टोल शुल्क का भुगतान करने की सुविधा मिल रही है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि नई प्रणाली के तहत अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन तकनीक, सेंसर और कैमरों की मदद से वाहनों की पहचान कर फास्टैग के माध्यम से स्वचालित रूप से टोल शुल्क काट लिया जाएगा। इससे टोल प्लाजा पर प्रतीक्षा समय समाप्त होगा और यातायात का प्रवाह सुचारु रहेगा।
मंत्रालय के अनुसार इस व्यवस्था से यात्रियों का समय बचेगा, ईंधन की खपत कम होगी और राजमार्गों पर जाम की समस्या में कमी आएगी। साथ ही टोल चोरी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखने के लिए प्रभावी निगरानी तंत्र भी स्थापित किया गया है। एनएचएआई ने राजमार्ग उपयोगकर्ताओं से फास्टैग खाते में पर्याप्त शेष राशि बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। प्राधिकरण के अनुसार गुजरात, दिल्ली और राजस्थान के बाद घरौंडा टोल प्लाजा पर एमएलएफएफ प्रणाली का क्रियान्वयन देश में आधुनिक और तकनीक आधारित राजमार्ग नेटवर्क विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

