
हरपालपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हरपालपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्निर्माण कार्य तेजी से जारी है। करोड़ों रुपये की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट के तहत प्लेटफार्म नंबर 1 का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। यहां इंडिकेशन डिस्प्ले बोर्ड, कंप्यूटराइज्ड अनाउंसमेंट सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे लग चुके हैं। हालांकि, प्लेटफार्म पर एलईडी टीवी, वाई-फाई, एटीएम, डबल टिकट विंडो, वाटर वेंडिंग मशीन और सफाई पोंछा मशीन की स्थापना अभी शेष है।
रेलवे परिसर में पार्क, पार्किंग तथा मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण भी किया जा रहा है। लेकिन मुख्य गेट के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाना अभी बाकी है। गेट के पास स्थित रेस्टोरेंट और पुराने गेट के बने रहने से ट्रैफिक में बाधा उत्पन्न हो रही है और नए बने बुलंद दरवाजा की सुंदरता भी प्रभावित हो रही है।
डबल ट्रैक निर्माण के तहत प्लेटफार्म नंबर 2 पर माला गोदाम को हटाकर प्लेटफार्म शेड का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है, जो दीपावली के बाद गति पकड़ेगा। इस प्लेटफार्म पर यात्रियों की सुविधा के लिए एक्सेलेरेटर, एटीएम, इंडिकेशन बोर्ड, वाटर वेंडिंग मशीन, केंटीन, वाई-फाई, एलईडी टीवी, सीसीटीवी कैमरे, आरक्षण काउंटर, दिव्यांग व्हीलचेयर, पूछताछ केंद्र, शॉपिंग मॉल, सुलभ शौचालय, बेडिंग हॉल, वेटिंग रूम, पार्क और पार्किंग स्थल जैसी आधुनिक सुविधाएँ प्रस्तावित हैं।
इन कार्यों के पूरा हो जाने के बाद हरपालपुर रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए एक आधुनिक और आकर्षक रूप में तैयार होगा।
