
सलामतपुर। भोपाल–विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर जगह-जगह बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। बुधवार को इंदौर से ललितपुर जा रहे दंपती और उनकी डेढ़ साल की बच्ची दीवानगंज चौकी के पास हादसे का शिकार हो गए। बाइक का पहिया गड्ढे में फंसने से महिला निधि (24) गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई, हालांकि बच्ची सुरक्षित रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि टोल वसूली के बावजूद सड़क की मरम्मत केवल खानापूर्ति बनकर रह गई है। गड्ढों में मिट्टी भरने के कुछ ही दिनों बाद सड़क दोबारा उखड़ जाती है। हाईवे की खराब हालत के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने सड़क की तत्काल मरम्मत और मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग की है ताकि बढ़ते यातायात दबाव और हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
इनका कहना है
हाइवे के गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। बुधवार को ऐसे ही एक मामले में बाइक सवार दंपत्ति घायल हों गई। जिसे अस्पताल में ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया।दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी
