मुंबई, 25 जून (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने आपातकाल की 551वीं वर्षगांठ पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर इसे भारत के संविधान पर सीधा हमला बताया है। कंगना रनौत ने ‘इमरजेंसी’ (आपातकाल) के दौर को याद करते इंस्टाग्राम पर एक मैसेज पोस्ट किया। उन्होंने अपनी फिल्म ‘इमरजेंसी’ की मेकिंग का एक बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “आज हम भारत के इतिहास के सबसे अंधेरे अध्यायों में से एक, आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की दृढ़ता से रक्षा करने वालों को श्रद्धांजलि देते हैं।
आपातकाल हमारे संविधान पर सीधा हमला था। इसमें नागरिक स्वतंत्रता का निलंबन, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध, राजनीतिक नेताओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और हमारे लोकतंत्र की आधारभूत संस्थाओं पर हमला हुआ था।” कंगना ने अपने पोस्ट में अपनी फिल्म इमरजेंसी का भी उल्लेख किया। उन्होंने लिखा, “मैंने इस विषय पर एक फिल्म निर्देशित की। एक फिल्मकार के रूप में यह मेरे लिए असाधारण अनुभव था। इसे नेटफ्लिक्स पर देखिए।” उल्लेखनीय है कि ‘इमरजेंसी’ में कंगना रनौत ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई थी। यह फिल्म वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल और उससे जुड़े राजनीतिक घटनाक्रमों पर आधारित है।

