लंदन 12 मई (वार्ता) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर से मंत्रिपरिषद के कई वरिष्ठ सदस्यों , जिनमें गृह मंत्री शबाना महमूद और विदेश मंत्री यवेट कूपर शामिल हैं, ने उनके इस्तीफे के समय पर विचार करने को कहा है।
यह मांग तब उठी जब लेबर पार्टी के 80 से ज़्यादा सांसदों ने श्री स्टारमर से पद छोड़ने की अपील की।
‘द टाइम्स’ अखबार ने सूत्रों के हवाले से यह रिपोर्ट दी है।
सोमवार को आई रिपोर्ट के मुताबिक, कैबिनेट सदस्यों के मंगलवार को होने वाली एक बैठक में श्री स्टारमर से यह कहने की उम्मीद है कि उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। सदस्यों को चिंता है कि अब उनकी स्थिति “बरकरार रखने लायक नहीं” रह गई है।
इसी बीच, ब्रिटिश मीडिया ने बताया कि ब्रिटेन सरकार के तीन सदस्यों ने प्रधानमंत्री श्री स्टारमर के इस्तीफे की मांग करते हुए अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।
खबरों के मुताबिक, इन इस्तीफों का ऐलान पर्यावरण मंत्री के संसदीय निजी सचिव टॉम रटलैंड, स्वास्थ्य मंत्री के निजी सचिव जो मॉरिस और कैबिनेट कार्यालय की सहयोगी नौशबा खान ने किया।
गुरुवार को ब्रिटेन में क्षेत्रीय चुनाव हुए। यह चुनाव 136 क्षेत्रों में आयोजित किए गए। अंतिम नतीजों के अनुसार लेबर पार्टी ने परिषद की उन 2,200 से ज़्यादा सीटों में से लगभग 1,200 सीटें गंवा दीं, जिन पर पहले उसका कब्ज़ा था। दक्षिणपंथी ‘रिफॉर्म यूके ‘ पार्टी स्पष्ट विजेता के तौर पर उभरी और उसने लगभग 1,400 सीटें जीतीं।
