भोपाल: सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को जिला प्रशासन ने नयापुरा स्थित केंद्रीय जेल रोड पर बुलडोजर चलाकर सड़क विस्तार में बाधा बन रहे निर्माणों को हटाया। अधिकारियों के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण का कार्य लंबे समय से अतिक्रमण की वजह से प्रभावित हो रहा था।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने पांच दुकानों और कई बाउंड्री वॉल को हटाया। बताया गया कि क्षेत्र में कुल आठ दुकानें चिन्हित की गई थीं, जिनमें से पांच खाली दुकानों को तोड़ दिया गया है, जबकि शेष दुकानों पर कार्रवाई अगले चरण में की जाएगी। अभियान के दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम, एनएचएआई और पुलिस विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रहीं।
वहीं, संत हिरदाराम नगर में नगर निगम ने नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। निगम का कहना है कि बारिश के दौरान नालियों की सफाई में आने वाली बाधाओं को दूर करने और जलभराव की समस्या से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, अतिक्रमण हटने के बाद सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का काम तेज गति से किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि शहर में विकास कार्यों और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे
