जबलपुर: डिजिटल दौर में पैर पसार रहे साइबर अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में जबलपुर जोन द्वारा आज से 8 जुलाई 2026 तक विशेष जन-जागरूकता अभियान सेफ क्लिक-2026 चलाया जाएगा। इस 15 दिवसीय अभियान के तहत पुलिस की विशेष टीमें जनता के बीच जाकर उन्हें डिजिटल सुरक्षा का पाठ पढ़ाएंगी।
अभियान का मुख्य उद्देश्य हर वर्ग के नागरिक को डिजिटल ठगी के नए पैंतरे समझाना है। इसके लिए पुलिस टीमें सक्रिय रूप से स्कूल और कॉलेज पहुंचेगी। युवाओं और शिक्षकों को गेमिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड और ब्लैकमेलिंग के प्रति सचेत किया जायेगा। इसके साथ ही बाजार और सार्वजनिक स्थल में पहुंचकर आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों को सुरक्षित डिजिटल पेमेंट के तरीके सिखाया जायेगा।
सावधान रहे, याद रखें सुरक्षा के मूल मंत्र
राज्य साइबर जबलपुर निरीक्षक नीलेश अहिरवार ने बताया कि किसी भी अज्ञात लिंक, संदिग्ध संदेश, फर्जी क्यूआर कोड या अनजान कॉल पर भरोसा न करें। ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। साइबर अपराधी फर्जी ऑफर, इनाम, नौकरी,कम समय में अधिक लाभ कमाने के लिए निवेश और केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों को ठगने का प्रयास करते हैं। बिना सत्यापन किसी भी लिंक पर क्लिक करना, व्हाटसअप के माध्यम से भेजे गए ऐप डाउनलोड करना या स्क्रीन शेयर करना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है।
