नयी दिल्ली, 18 सितंबर (वार्ता) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार शाम यहां भारत मंडपम में “विकसित भारत की यात्रा के वित्तपोषण” विषय पर आयोजित राज्यों और विधानमंडल वाले केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्रियों एवं वित्त सचिवों के सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में भाग लिया।
सम्मेलन दो दिन चलेगा। उद्घाटन सत्र में असम, दिल्ली, गोवा, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, केरल, मणिपुर, मेघालय और नागालैंड के मुख्यमंत्री भी उपस्थित थे।
सम्मेलन के पहले दिन अरुणाचल प्रदेश, बिहार और ओडिशा के उपमुख्यमंत्री, आंध्र प्रदेश, असम, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री, तथा महाराष्ट्र के वित्त राज्य मंत्री भी सम्मेलन में उपस्थित थे।
यह सम्मेलन केंद्र और राज्यों के बीच नीतिगत तालमेल को और बेहतर ढंग से समझने और तलाशने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। यह ऐसा मंच है, जो भारत की विकास यात्रा को विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए वित्तपोषण से जुड़ी चुनौतियों और नीतिगत प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श हेतु शैक्षणिक शोध की मजबूती और व्यावहारिक नीति-निर्माण को एक साथ लाता है।
