पेशावर, 18 सितंबर (वार्ता) पाकिस्तान में उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में एक मस्जिद के पास विस्फोटकों से भरे वाहन में विस्फोट और उसके बाद आतंकवादियों के परिसर में घुसकर पुलिस प्रतिष्ठानों पर हमला करने की घटना में पांच पुलिस अधिकारियों समेत कम से कम 16 लोगों की मौत हो गयी और 50 से अधिक लोग घायल हो गये।
खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) जुल्फिकार हामिद ने जियो न्यूज को बताया कि विस्फोट से पहले विस्फोटकों से लदे एक वाहन ने ओल्ड पुलिस लाइंस के गेट में टक्कर मार दी। उन्होंने कहा, “वाहन गेट से टकराया और फिर उसमें विस्फोट हो गया तथा गोलीबारी भी हुई।” उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के साथ गोलीबारी के दौरान पुलिस की विशेष शाखा की इमारत में एक और आत्मघाती विस्फोट हुआ।
आईजी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि विस्फोट कोहाट पुलिस लाइंस की एक मस्जिद में हुआ। इसमें कहा गया कि प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार विस्फोटकों से लदे वाहन को इमारत से टकराया गया। बाद में उन्होंने कहा कि विशेष शाखा की इमारत के पास एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। उन्होंने बताया कि ‘फितना अल ख्वारिज’ आतंकवादियों के साथ गोलीबारी जारी थी।उन्होंने कहा, “फितना-उल-ख्वारिज के पूर्ण खात्मे तक अभियान जारी रहेगा।” उन्होंने कहा कि पुलिस का मनोबल ऊंचा बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि ‘फितना अल ख्वारिज’ उस शब्दावली का हिस्सा है जिसका इस्तेमाल पाकिस्तान सरकार प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादियों के लिए करती है।
पुलिस ने बताया कि करीब 3:30 बजे तक तलाशी एवं सुरक्षा अभियान अंतिम चरण में था। बयान में बताया गया कि विस्फोट के बाद सात आतंकवादियों ने पुलिस लाइंस में घुसने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा, “अब तक एक आत्मघाती हमलावर समेत छह आतंकवादी मारे जा चुके हैं।” वर्ष 2021 में तालिबान के अफगानिस्तान पर कब्जे के बाद से पाकिस्तान में आतंकवाद की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है।
पुलिस और आतंकवाद विरोधी विभाग (सीटीडी) ने हमलावरों से मुठभेड़ की और उनमें से छह को मार गिराया, जिसमें एक आत्मघाती हमलावर और एक स्नाइपर शामिल थे। खैबर पख्तूनख्वा पुलिस ने मरने वालों की पहचान 11 आम लोगों और पांच पुलिस अधिकारियों के तौर पर की है।
प्रांत के पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद ने कहा कि आत्मघाती बम विस्फोट में 16 लोग मारे गये हैं। कोहाट जिला अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी ताहिर अली शाह ने कहा कि 15 लाशें और 50 से ज़्यादा घायल लोग अस्पताल लाये गये हैं। धमाके से पुलिस परिसर के अंदर मस्जिद के बाहर एक गड्ढा बन गया।
इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान नाम के एक संगठन ने हमले की जिम्मेदारी ली है। यह समूह हाफिज गुल बहादुर ग्रुप, हरकत इंकलाब-ए-इस्लामी पाकिस्तान और लश्कर-ए-इस्लाम का एक अलायंस है, जिसे अप्रैल 2025 में बनाया गया था।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने अपनी संवेदनाएं जाहिर कीं और घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना की। वहीं प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने भी घटना की निंदा की, और अधिकारियों को प्रभावित लोगों को हर मुमकिन सुविधा देने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से धमाके के प्रकृति और कारणों के बारे में रिपोर्ट भी मांगी। गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जतायी और घायलों के जल्द ठीक होने की दुआ की।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने इस मामले में पुलिस अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए आतंकवाद के इस कृत्य को ‘बहुत अफसोसनाक और नामंज़ूर’ बताया।
