चंडीगढ़, 23 जून (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाली अमूल्य धरोहर है।
कुरुक्षेत्र की पावन भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया कर्मयोग का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। मुख्यमंत्री ने जापान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के समापन अवसर पर मंगलवार को वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि गीता कर्तव्य, आत्मविश्वास, संयम और मानव कल्याण का मार्ग दिखाती है। वर्तमान समय में जब विश्व अनेक चुनौतियों और तनावों का सामना कर रहा है, तब गीता का संदेश शांति, सद्भाव और सकारात्मक सोच की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र से शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव अब विश्व के कई देशों तक पहुंच चुका है और लोगों को जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने भारत और जापान के मजबूत संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि हरियाणा और जापान के बीच आर्थिक एवं सांस्कृतिक सहयोग लगातार बढ़ रहा है, जो दोनों देशों की गहरी मित्रता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता पर आयोजकों को बधाई दी और विश्वास जताया कि गीता का संदेश विश्व में शांति, सद्भाव और मानव कल्याण को बढ़ावा देता रहेगा।
कार्यक्रम में स्वामी ज्ञानानंद महाराज, ओसाका में भारत के कॉन्सुल जनरल चंद्रु अप्पार, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, प्राधिकरण सदस्य विजय नरूला सहित हिंदू स्वयंसेवक संघ, इस्कॉन और गीता परिवार के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
