मुंबई, 23 जून (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया मंगलवार को 13 पैसे टूट गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.76 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा लगातार दूसरे दिन कमजोर हुई है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 30 पैसे गिरकर 94.63 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में मजबूती से रुपये पर दबाव रहा। डॉलर सूचकांक आज 0.2 प्रतिशत चढ़कर 101.22 पर पहुंच गया। यह एक साल से अधिक का इसका उच्चतम स्तर है।
दूसरी तरफ, कच्चे तेल में नरमी से रुपये की गिरावट सीमित रही। कच्चे तेल का मानक लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा आज 1.3 फीसदी गिरकर 77 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया। इससे रुपये को समर्थन मिला।
भारतीय मुद्रा आज शुरू से ही दबाव में रही। यह 10 पैसे नीचे 94.73 रुपये प्रति डॉलर पर खुली। बीच कारोबार में ऊपर 94.63 रुपये प्रति डॉलर और नीचे 94.92 रुपये प्रति डॉलर तक गयी। अंत में यह 94.76 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई।
