
सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर दमोह जबलपुर स्टेट हाइवे पर एक तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों सहित एक युवती की मौत हो गई।हादसे के बाद बाइक सवार उछलकर थाना परिसर की रेलिंग तोड़ते हुए अंदर जा गिरे, वहीं अनियंत्रित कार भी रेलिंग से टकराकर रुक गई. दुर्घटना के तुरंत बाद बहेरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया. जबकि गंभीर रूप से घायल युवती को बीएमसी सागर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था जहां आज रविवार को उपचार के दौरान मृत्यु हो गई. पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रामचरण अहिरवार निवासी बरायठा और सुनील अहिरवार निवासी बराज के रूप में हुई है. वहीं घायल युवती की पहचान खुशबू अहिरवार निवासी बम्होरी बीका के रूप में हुई है. तो वहीं हादसे में कार सवार अमित यादव और उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक को मामूली चोटें आई हैं. पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और दोनों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
बहेरिया थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि कार और बाइक की टक्कर में तीन लोगों की मौत हुई है. जिनमें से दो युवकों के पोस्टमार्टम आज रविवार को परिजनों की उपस्थिति में कराए गए हैं. जांच जारी है.
