गुना के होनहार खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का मान

गुना। जिले के आम परिवारों के होनहार खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत, अटूट संकल्प और खेल के प्रति बेपनाह जुनून के बदौलत अंतर्राष्ट्रीय खेल पटल पर देश का मस्तक ऊंचा कर दिया है।

गुना के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अमन मांझी और निकुंज पराशर ने साउथ एशियन थ्रोबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे क्षेत्र को एक ऐसा गौरवशाली क्षण दिया है, जिसने हर जिलेवासी की आंखें खुशी से नम और छाती गर्व से चौड़ी कर दी हैं। दोनों जांबाज खिलाड़ियों की इस स्वर्णिम सफलता से समूचे अंचल में उत्सव और अभूतपूर्व उत्साह का माहौल है। झारखंड के रांची में 17 से 18 जून तक आयोजित इस कड़े अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में जब भारतीय टीम मैदान पर उतरी, तो खिलाड़ियों के हौसले देखने लायक थे। हमारे देश के वीरों ने दमदार खेल और अद्भुत तालमेल का प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश, भूटान, नेपाल और श्रीलंका जैसी शक्तिशाली टीमों को एक-एक कर धूल चटा दी और शान से देश को शीर्ष स्थान दिलाया। भारत मां के इस गौरवमयी सफर और खिताबी जीत में गुना की माटी के लाल अमन मांझी और निकुंज पराशर ने अपने खेल का वो सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जिसने विरोधियों को पस्त कर दिया। मैदान पर उनके द्वारा पसीना बहाकर बनाई गई हर रणनीति भारत की जीत की अहम कड़ी बनी। इन दोनों युवाओं ने यह साबित कर दिया कि यदि हौसलों में उड़ान और इरादों में सच्चाई हो, तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी दुनिया जीती जा सकती है। गुना के इन लाडलों की यह स्वर्णिम सफलता अब अंचल के हजारों उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का एक नया सवेरा बनेगी।

Next Post

अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौत

Fri Jun 19 , 2026
गौरझामर। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर गुरू चोपड़ा के समीप मोटरसाइकिल सवार तीन युवको को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार को मोटरसाइकिल सवार एनएच – 44 ग्राम गुरुचोपडा के पास […]

You May Like