सुहल (जर्मनी) 18 जून (वार्ता) भारतीय निशानेबाजों ने गुरुवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में दो स्वर्ण सहित कुल तीन पदक जीतकर आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में शानदार शुरुआत की। यहां हुए मुकाबले में सेजल कांबले और हिमांशी ने क्रमशः व्यक्तिगत स्वर्ण और कांस्य पदक जीते, जबकि वंशिका चौधरी ने नव्या और संस्कृति बाना के साथ मिलकर महिलाओं की टीम का स्वर्ण पदक जीता।
पदक राउंड में, सेजल कांबले 240.2 के स्कोर के साथ आसानी से विजेता बनीं, जबकि बुल्गारिया की मारिया एंचेवा अतानासोवा ने 235.8 के स्कोर के साथ रजत जीता। हिमांशी (217.6) को शूटआउट में अतानासोवा से हारने के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। वंशिका 191.3 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
व्यक्तिगत क्वालीफायर में, हिमांशी 574-15x के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ भारतीय निशानेबाज रहीं।
सेजल कांबले (573-16x) और वंशिका चौधरी (572-18x) क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहीं और मेडल राउंड के लिए भी आगे बढ़ीं। नव्या (571-14x) क्वालीफाइंग राउंड में आठवें स्थान पर रहने के बावजूद फाइनल में नहीं पहुंच सकीं, क्योंकि एक देश से अधिकतम तीन एथलीटों को ही फाइनल में प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति होती है।
89 निशानेबाजों वाले क्वालीफायर में कनक (569-13x) 13वें और संस्कृति बाना (557-14x) 54वें स्थान पर रहीं।
इससे पहले, वंशिका चौधरी, नव्या और संस्कृति बाना ने मिलकर कुल 1700-46x के स्कोर के साथ भारत के लिए महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम निशानेबाजी का स्वर्ण पदक जीता था।
इस तिकड़ी ने ‘इंडिविजुअल न्यूट्रल एथलीट्स’ की टीम को बहुत कम अंतर से हराया, जिन्होंने 1699-46x का स्कोर किया था। चेकिया ने 1699-36x के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।
