
दतिया। विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस को आज उस वक्त ताकत मिली जब उसके नाराज चल रहे वरिष्ठ नेता अवधेश नायक चुनाव प्रचार में सक्रिय हो गए। शनिवार को वे कांग्रेस की सभाओं और जनसंपर्क अभियान में शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ मंच साझा करते हुए उन्होंने पार्टी प्रत्याशी घनश्याम सिंह के समर्थन में प्रचार किया।
अवधेश नायक 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। उस समय उन्हें टिकट मिला था, लेकिन बाद में टिकट बदलकर राजेंद्र भारती को उम्मीदवार बनाया गया था। इस बार के उपचुनाव में भी वे कांग्रेस टिकट के प्रमुख दावेदारों में थे, लेकिन पार्टी ने घनश्याम सिंह को प्रत्याशी बनाया। इससे वे नाराज थे।
टिकट घोषित होने के बाद अवधेश नायक कई प्रमुख चुनावी सभाओं में नजर नहीं आए थे। इसी बीच भाजपा के मंत्री और वरिष्ठ नेता भी उनके निवास पर पहुंचे। जबकि कांग्रेस नेताओं का भी लगातार आना-जाना बना रहा। अवधेश नायक ने पत्रकारों से बातचीत में सभी अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि मैं पहले भी कांग्रेस के साथ था और आज भी पूरी मजबूती से पार्टी के साथ हूं।
