सिंगरौली:जियावन पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना क्षेत्र में 25 फरवरी को हुई कथित लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना एवं ₹10 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा पुलिस की सूझबूझ और गहन जांच के बाद हुआ।पुलिस के अनुसार 25 फरवरी को फरियादियों ने जियावन थाना पहुंचकर लूट की सूचना दी थी। मामला दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान घटना संदिग्ध प्रतीत होने पर फरियादियों से अलग-अलग पूछताछ की गई, जिसमें पूरे घटनाक्रम की परतें खुलती चली गईं।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फरियादियों को सस्ता सोना दिलाने का लालच दिया था। भरोसा जीतने के लिए पहले एक ज्वेलर्स की दुकान पर सोने का टुकड़ा भी जांच कराया गया। इसके बाद 25 फरवरी को फरियादियों को झुरही के जंगल में बुलाया गया, जहां उनसे नगद राशि ले ली गई और बिना सोना दिए आरोपी फरार हो गए।
मामले में पुलिस ने पहले ही आरोपी अनिल सिंह निवासी कचनी, वैढ़न तथा शिवमंगल सिंह निवासी गनियारी को हिरासत में ले लिया था।
लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र की सहायता से घटना के मुख्य मास्टरमाइंड, ₹10 हजार के इनामी फरार आरोपी बलवान पारधी पिता इम्तियाज पारधी (26 वर्ष), निवासी बूढ़ा, थाना रीठी, जिला कटनी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।इस अंधे मोड़ वाले मामले को सुलझाने में थाना प्रभारी जियावन उप निरीक्षक शेषनारायण दुबे, सहायक उप निरीक्षक तेज बहादुर सिंह, आरक्षक सदन तथा थाना जियावन के समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से ऐसे लालच और धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की है।
