खबर का असर…
जबलपुर: नागरिकों को सुचारू और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम पूरी तरह से तैयारी की है। व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शुक्रवार को जल विभाग कार्यालय में जाकर जल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और जलापूर्ति व्यवस्था को दुरूस्त रखने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
इस अवसर पर निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए परियट जलाशय में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जलाशय के घटते जलस्तर को देखते हुए, पानी को पंपिंग स्टेशन के नजदीक लाने के लिए 25 कुशल कर्मचारियों की टीम मौके पर दिन-रात काम कर रही है। अत्याधुनिक मशीनों और पारंपरिक ड्रेजिंग तकनीकों के माध्यम से पानी के प्रवाह को बनाए रखा जा रहा है, ताकि शहर के जल शोधन संयंत्रों को लगातार पानी मिलता रहे। उन्होंने शहर के अलग-अलग वार्डों में पानी की सप्लाई के समय, प्रेशर और टैंकरों के रूट चार्ट का बारीकी से समीक्षा की।
नवभारत ने की थी प्रमुखता से खबर प्रकाशित
विदित हो कि गत दिवस नवभारत ने परियट जलाशय में घटते जलस्तर की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी जिसके बाद शुक्रवार को निगमायुक्त ने उस पर एक्शन लिया और नागरिकों को जलापूर्ति पर्याप्त देने की बात कही।
अधिकारी फील्ड पर दें ज्यादा समय
बैठक में निगमायुक्त ने जल वितरण व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त और पारदर्शी बनाने के लिए जल विभाग के सभी इंजीनियरों और जोनल अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी जिम्मेदार अधिकारी ज्यादा से ज्यादा समय फील्ड पर दें। मुख्य लाइनों में लीकेज और अवैध कनेक्शनों की तुरंत जांच कर उन्हें ठीक किया जाए। निगमायुक्त ने जल विभाग के कार्यो की समीक्षा के अलावा फायर, अतिक्रमण, बाजार, स्वास्थ्य एवं सी.एम. हेल्प लाइन के कार्यो की भी समीक्षा की और सभी को आपसी समन्वय के साथ जनसुरक्षा को ध्यान में रखकर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
बैठक में अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान, अशफाक परवेज कुरैशी, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त शिवांगी महाजन, फायर अधीक्षक कुसाग्र ठाकुर, अतिक्रमण अधिकारी मनीष तड़से, सहायक यंत्री राजेश खम्परिया, संदीप जायसवाल, रोहित पटैल आदि उपस्थित रहे।
