सीहोर। शहर में तेजी से पनप रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने आखिरकार सख्ती बरतते हुए प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी है. बुधवार को तहसीलदार डॉ. अमित सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग और नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम ने गणेश मंदिर रोड स्थित तीन अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर बाउंड्री व सड़कों के निर्माण को ध्वस्त कर दिया.
शहर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में बिना वैधानिक अनुमति के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने अभियान छेड़ दिया है. बुधवार को तहसीलदार डॉ. अमित सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग एवं नगर पालिका के अमले ने गणेश मंदिर रोड क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्यों को जेसीबी मशीनों से तोड़ दिया.
जानकारी के अनुसार नपा के सीवेज प्लांट के समीप सिराजुद्दीन और अमीनुद्दीन द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को प्रशासन ने चिन्हित किया था. कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में बनाई गई बाउंड्रीवाल, सड़कों एवं अन्य निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया गया. इसके अलावा इसी मार्ग पर शिवलाल और जगन्नाथ द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी प्रशासन का बुलडोजर चला. यहां भी अवैध निर्माण कार्यों को तोड़ा गया. कार्रवाई के दौरान पटवारी नवनीत चौरसिया, संजय राठौर एवं नपा के अतिक्रमण प्रभारी तिलक खाती व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे. तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति के की जा रही प्लॉटिंग और कॉलोनी का विकास स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. संयुक्त दल ने क्षेत्र में एक अन्य अवैध कॉलोनी को भी चिन्हित किया था, जहां निर्माण कार्यों को तोडऩे के लिए जेसीबी मशीन पहुंची, लेकिन तकनीकी खराबी आने के कारण कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी. तहसीलदार ने बताया गुरुवार को शेष अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई पूरी की जाएगी.
अभियान सतत जारी रहेगा
अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा. जिन लोगों द्वारा बिना वैधानिक अनुमति के कॉलोनी विकसित की जा रही है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.नागरिकों से अपील है कि भूखंड या प्लॉट की खरीदारी से पहले उसकी वैधता और अनुमतियों की जांच अवश्य कर लें.
डॉ अमित सिंह,
तहसीलदार, सीहोर
