सतना।चित्रकूट स्थित सिरसावन क्षेत्र में रविवार की देर रात एक घर पर हमले का मामला सामने आया है। रात करीब 2:30 बजे समरजीत और अपार नाम के युवकों ने अपने साथियों के साथ सुषमा सोनी के घर पर हमला किया।
आरोपियों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। हालांकि, दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इस दौरान आरोपियों ने जमकर पथराव किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुषमा सोनी के घर में कुछ युवक किराए पर रहते हैं। इन्हीं किराएदारों से हुए विवाद के कारण यह हमला किया गया। हमलावरों की हरकतों से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। सोमवार को पुलिस ने 4 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। सभी के खिलाफ शांति भंग करने की कार्रवाई की जा रही है।
