
भोपाल। कोहेफिजा थाना इलाके में संचालित एक अस्पताल से गायब 6 साल के बच्चे अंश मैना की तलाश में पुलिस जुटी है. पुलिस ने आखिरी बार बच्चे अंश मैना के साथ देखे गए एक संदिग्ध को भी हिरासत में लिया है. संदिग्ध व्यक्ति से पुलिस की पूछताछ जारी है. बच्चे की तस्वीर जारी कर पुलिस ने ढूड़ने वाले व्यक्ति को इनामी राशि की घोषणा भी की है.
एड़िशनल कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि बच्चा अंश मैना की मां का इलाज एक अस्पताल में चल रहा था. मंगलवार को अंश अचानक से अस्पताल परिसर से गायब हो गया. मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू कर दी है. अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक शख्स के साथ बच्चे को आखिरी बार देखा गया था. पुलिस ने संदिग्ध शख्स को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. कोहेफिजा थाना पुलिस फिलहाल बच्चे की तलाश में जुटी है.
