गौवंश अवशेष से फैली सनसनी, पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया 

सैलाना। जिले के सैलाना थाना क्षेत्र में गौवंश के अवशेष मिलने से फैले सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 17 जून को विनोबा मार्ग, गवली मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय राजवीर ग्वाले ने सैलाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 16 जून की रात उसे सूचना मिली थी कि बांसवाड़ा रोड स्थित नर्सिंग कॉलेज के सामने कोटड़ा रोड पर खेत के किनारे एक गाय का कटा हुआ सिर, दो पैर तथा चमड़ी पड़ी है। सूचना मिलने पर वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां गौवंश के अवशेष मिलने की पुष्टि हुई। इसके बाद अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी सैलाना के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुनिल वसुनिया निवासी इटावा (जिला झाबुआ) और दुलसिंह डिंडोर निवासी कोटड़ा (सैलाना) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुनिल वसुनिया के खिलाफ पूर्व में भी गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत दो प्रकरण दर्ज हैं। वहीं दुलसिंह डिंडोर के खिलाफ मारपीट सहित गोवंश वध से संबंधित प्रकरण भी दर्ज होना बताया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।

Next Post

एशियाई खेलों में श्रीजा अकुला और जी. साथियान करेंगे भारतीय टेबल टेनिस टीम की अगुवाई

Thu Jun 18 , 2026
नयी दिल्ली 18 जून (वार्ता) श्रीजा अकुला और जी. साथियान जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेल 2026 में भारतीय टेबल टेनिस की 10 सदस्यीय टीम की अगुवाई करेंगे। मनिका बत्रा को रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल है। टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीआईएफआईI) ने गुरुवार को एशियाई खेलों 2026 […]

You May Like