
इंदौर. कनाडिया थाना क्षेत्र में एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया. बीच सड़क पर बाल पकड़कर घसीटते हुए बेरहमी से पिटाई की, जिससे विवाहिता गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति आयुष चौहान के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. स्कीम नंबर 54 निवासी पीड़िता की मां रामसभा बाई मालवीय ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता कल्पना की शादी सम्पत्त एवेन्यू निवासी आयुष चौहान से हुई थी. शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था. बताया गया कि विवाद के दौरान आरोपी पत्नी को बाल पकड़कर घर से बाहर सड़क पर ले आया और उसे घसीटते हुए लगातार मारपीट करता रहा. इस हमले में पीड़िता के सिर, गले और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, वहीं जीभ पर भी गहरा घाव हुआ है. खून से लथपथ हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां वह जिंदगी की जंग लड़ रही है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले में एडिशनल डीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया है. आरोपी फरार है, उसकी तलाश में टीमें लगी हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
