
इंदौर. शहर में 21 जून को होने वाली नीट की पुनः परीक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है. जिले में 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 23 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी.
तैयारियों का जायजा लेने पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और कलेक्टर शिवम वर्मा ने केंद्रीय विद्यालय सहित विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और परीक्षार्थियों की सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए. गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था, ओआरएस, जनरेटर और मेडिकल सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं. एम्बुलेंस और व्हीलचेयर की भी व्यवस्था रहेगी. परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के लिए भी टेंट और पानी की व्यवस्था की जा रही है. सुरक्षा के लिहाज से हर केंद्र पर पुलिस बल तैनात रहेगा और उड़नदस्ते लगातार निगरानी करेंगे. ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया है. अधिकारियों के मुताबिक परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं. मामले में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर कड़ा पुलिस पहरा रहेगा. किसी भी तरह की गड़बड़ी या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
