सतना: दीपावली का पावन पर्व नजदीक आते ही अपने घर-परिवार संग खुशियां बांटने की चाह में परदेशियों की वापसी का सिलसिला तेज हो गया है। गुरुवार को दिन भर सतना जंक्शन और केंद्रीय बस स्टैंड परिसर में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। 5 नवंबर से शुरू हुई यह गहमागहमी 11 नवंबर तक चरम पर रहने के आसार हैं। भीड़ के चलते ट्रेनों और बसों में सीट पाना तो दूर, खड़े होने तक के लिए यात्रियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
मुंबई, पुणे और दिल्ली की ट्रेनों में भारी दबाव
खासकर शाम होते ही विंध्य क्षेत्र के यात्रियों की भीड़ सतना रेलवे स्टेशन पर उमड़ रही है। दिल्ली, गुजरात, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे, इतवारी, जबलपुर और बिहार की ओर से आने-जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ देखी जा रही है। जंक्शन से बड़े शहरों की ओर रवाना होने वाली ट्रेनों के साथ-साथ रीवा और अन्य दूर-दराज के इलाकों में जाने वाली ट्रेनों में भी पांव धरने तक की जगह नहीं बची है।
भारी सामान ने बढ़ाई राह की मुश्किलें
त्योहार पर घर लौट रहे यात्रियों के साथ कपड़ों के अलावा दीपावली के उपहार और अन्य सामान की बड़ी-बड़ी गठरियां व बैग्स हैं। इस वजह से यात्रियों की राह और भी मुश्किल हो गई है। कोच के अंदर सामान चढ़ाने और जगह बनाने को लेकर यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की और बकझक की स्थिति भी बनती नजर आई।
जीआरपी व रेल प्रशासन अलर्ट पर
स्टेशन और बस स्टैंड परिसर के बाहर से लेकर अंदर तक दिन भर लोगों के आवागमन की भरमार बनी रही। अप्रिय घटना से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरपीएफ व रेलवे कर्मचारियों की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। प्रमुख प्लेटफॉर्मों पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों या असुविधा का सामना न करना पड़े।
सतना स्टेशन प्रबंधक ए. मतीन ने बताया कि दिवाली पर्व नजदीक आने के साथ ही ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। इसे देखते हुए स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी और आरपीएफ के सहयोग से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन लगातार प्रयासरत है।
सतना स्टेशन जीआरपी प्रभारी राजेश राज ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जीआरपी की पूरी टीम स्टेशन पर लगातार चेकिंग कर रही है। त्योहारी सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
