
सीधी। अवैध पिस्टल लेकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने दबिश कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पैर के मोजे में छिपाकर पिस्टल रखी थी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक / पुलिस अधीक्षक सीधी सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियार के विरुद्ध यह बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अमहा-पडरा रोड पर अवैध पिस्टल के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर इलाके में भय व्याप्त करने के उसके इरादों को नाकाम कर दिया है। पुलिस के अनुसार
थाना प्रभारी कोतवाली को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि अमहा-पडरा रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार पिस्टल लेकर घूम रहा है और लोगों में भय पैदा कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान नीरज सोनी पिता दुर्योधन सोनी उम्र 25 वर्ष निवासी पुरानी सीधी के रूप में हुई है।
आरोपी की तलाशी और बरामदगी-
संदेह के आधार पर जब आरोपी की जामा तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम दंग रह गई। आरोपी ने दाहिने पैर के मोजे के अंदर एक पिस्टल छिपाकर रखी थी। वैध दस्तावेज/लाइसेंस न होने के कारण पुलिस ने पिस्टल को विधिवत जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी नीरज सोनी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
