इंदौर: स्कूल चले हम अभियान के तहत कलेक्टर शिवम वर्मा मंगलवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बाल विनय मंदिर पहुंचे. उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें स्कूल बैग, वाटर बॉटल सहित आवश्यक सामग्री वितरित की तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी.विद्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से करियर निर्माण, नेतृत्व क्षमता और बदलती तकनीक के अनुरूप स्वयं को तैयार रखने पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि सफलता के लिए केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही नहीं, बल्कि प्रभावी संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता भी जरूरी है.
\एक अच्छा लीडर वही होता है जो दूसरों को समझकर सही दिशा दे सके. कलेक्टर ने कहा कि स्कूल केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण मंच है. यहां संवाद, टीमवर्क और सहभागिता से आत्मविश्वास तथा नेतृत्व के गुण विकसित होते हैं. उन्होंने कला, संगीत, नृत्य और चित्रकला जैसे रचनात्मक क्षेत्रों को भी बेहतर करियर विकल्प बताते हुए विद्यार्थियों को अपनी रुचियों के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर अभ्यास और कड़ी मेहनत आवश्यक है. यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आने वाली चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने की सलाह दी.
स्वयं को अपडेट रखना आवश्यक
कलेक्टर ने तकनीकी बदलावों के दौर में निरंतर सीखते रहने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जो व्यक्ति समय के साथ स्वयं को अपडेट रखता है, वही भविष्य के अवसरों का बेहतर लाभ उठा सकता है. कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका कलेक्टर ने सहज और प्रेरक ढंग से उत्तर दिया. इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी शांता स्वामी भार्गव, प्राचार्य पूजा सक्सेना एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे.
