
खंडवा। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 और 19 जून को दो दिवसीय प्रवास पर ओंकारेश्वर आएंगी। अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति जहां भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन एवं आरती में शामिल होंगी, वहीं 19 जून को अंतर्राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगी। जिला जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु 18 जून को दोपहर 12.30 बजे बैतूल से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 1:30 बजे ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। ओंकारेश्वर पहुंचने के बाद वे एनएचडीसी गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगी।
शाम को करेंगी ज्योतिर्लिंग के दर्शन-
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु 18 जून की शाम 6:20 बजे विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री ओंकारेश्वर एवं ममलेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती में शामिल होंगी। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद उनका रात्रि विश्राम एनएचडीसी गेस्ट हाउस में होगा।
अंतर्राष्ट्र्रीय सिकल सेल दिवस कार्यक्रम में रहेंगी मुख्य अतिथि-
अपने प्रवास के दूसरे दिन 19 जून को प्रात: 10 बजे राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु अंतर्राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर ओंकारेश्वर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
इस कार्यक्रम में सिकल सेल एनीमिया के प्रति जागरूकता, रोकथाम एवं उपचार से संबंधित विभिन्न गतिविधियों और योजनाओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु सुबह 11.30 बजे ओंकारेश्वर हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगी।
प्रशासन ने शुरू की तैयारियां-
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय है और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का यह दौरा धार्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ओंकारेश्वर में उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।
