मुंबई, 16 जून (वार्ता) कच्चे तेल में नरमी और शेयर बाजारों में तेजी से रुपये में मंगलवार को जबरदस्त तेजी देखी गयी और यह 102 पैसे मजूबत हुआ। ये अनंतिम आंकड़े हैं तथा इनमें अभी और बदलाव हो सकता है। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया फिलहाल 93.56 रुपये प्रति डॉलर पर है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 60 पैसे की बढ़त के साथ 94.58 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस प्रकार आज यह 102 पैसे चढ़ चुका है।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल पर आज लगातार दूसरे दिन दबाव रहा। सोमवार को पांच प्रतिशत टूटने के बाद मंगलवार को लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा दो प्रतिशत और गिरकर 81.5 डॉलर प्रति बैरल रह गया है। यह तीन महीने का इसका नया निचला स्तर है। कच्चे तेल में नरमी से रुपये को समर्थन मिला है। साथ ही दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में हल्की नरमी से भी भारतीय मुद्रा मजबूत हुई है।

