शेयर बाजारों में लगातार तीसरे दिन तेजी

मुंबई, 16 जून (वार्ता) ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते के बाद घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन तेजी रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सुबह बढ़त के साथ खुला और पूरे दिन हरे निशान में रहा। अंत में यह 544.15 अंक (0.71 प्रतिशत) ऊपर 76,808.48 अंक पर बंद हुआ। यह 08 मई के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर 19 जून को स्विटजरलैंड में हस्ताक्षर होंगे। इस दौरान कच्चे तेल में गिरावट बनी हुई है और 81 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया है। इससे घरेलू शेयर बाजारों में निवेश धारणा मजबूत रही।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी शुरुआत से ही ऊपर बना रहा और अंत में 132.25 अंक यानी 0.57 प्रतिशत चढ़कर 23,989.15 अंक पर बंद हुआ। यह इसका 25 मई के बाद का उच्चतम स्तर है।

वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.60 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.42 प्रतिशत मजबूत हुआ। रियल्टी, आईटी, एफएमसीजी, वित्त, मीडिया, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांकों में तेजी रही। वहीं, धातु, ऑटो फार्मा और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक लाल निशान में रहे। सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर साढ़े तीन प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी और हिंदुस्तान यूनीलिवर में दो प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। टीसीएस, बजाज फाइनेंस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, आईटीसी और टाइटन के शेयर एक से दो प्रतिशत तक चढ़े। एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, अडानी पोर्ट्स, इंफोसिस, इटरनल, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी और एशियन पेंट्स के शेयर भी ऊपर बंद हुए। इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी, टाटा स्टील, बीईएल, भारतीय स्टेट बैंक और सन फार्मा में गिरावट रही।

.....

Next Post

पांचवीं बार पिता बनेंगे नेमार

Tue Jun 16 , 2026
नयी दिल्ली, 16 जून (वार्ता) ब्राजील के स्ट्राइकर नेमार का अभी 2026 फीफा विश्व कप में शामिल होना बाकी है, लेकिन ब्राजील के फुटबॉलर ने मैदान से दूर कुछ खबरें साझा की हैं। स्ट्राइकर ने अपनी गर्भवती साथी ब्रूना बियानकार्डी के साथ सोशल मीडिया पर एक अपडेट में घोषणा की […]

You May Like