सीधी : जिले के रामपुर नैकिन थानांतर्गत सोन नदी के भंवरसेन घाट में सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे में डूबे चारों युवाओं के शव बरामद कर लिए गए हैं। सोमवार को एक युवती का शव मिलने के बाद आज मंगलवार को एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीम ने दो अन्य युवतियों एवं एक युवक का शव भी नदी से बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र से आए कुछ युवक-युवतियां सोमवार को सोन नदी के भंवरसेन घाट पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सोन नदी में स्नान करते समय तीन युवतियां गहरे पानी में डूबने लगीं।
उन्हें बचाने के प्रयास में एक युवक ने नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी तेज बहाव और गहरे भंवर की चपेट में आकर डूब गया। देखते ही देखते खुशियों का माहौल मातम में बदल गया और घाट पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम विकास आनंद, तहसीलदार आशीष मिश्रा, रामपुर नैकिन थाना एवं खड्डी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। सोमवार को ज्योति सेन पिता रामाधार सेन 24 वर्ष निवासी बूढ़ा बाउर , थाना रामनगर जिला मैहर का शव घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर नदी में बरामद किया गया था।
आज मंगलवार को कलेक्टर विकास मिश्रा और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी भी घटनास्थल पहुंचे। उनके मार्गदर्शन में एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने सघन तलाश अभियान चलाते हुए शेष तीन शवों को भी बरामद कर लिया। यह शव सुभी सेन पिता राम दयाल सेन उम्र 15 निवासी बूढ़ा बाउर थाना राम नगर जिला मैहर,नीलू बैस पिता लल्लू बैस 22 साल निवासी बूढ़ा बाउर थाना राम नगर जिला मैहर एवं लखन केवट पिता मोहन लाल केवट 26 साल निवासी घोगट पूर जिला राजगढ के थे। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए रामपुर नैकिन अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के पश्चात शव रोते बिलखते परिजनों को सौपा गया।
